CG News: तीजा-पोरा पर CM साय ने शुरू किया ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान, जुड़ेंगे 7.88 लाख परिवार
CG News: पारंपरिक तीजा-पोरा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की शुरुआत की गई. महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मौजूदगी में अभियान के लोगो का अनावरण हुआ और पोषण जागरूकता के लिए ‘सुपोषण रथ’ को रवाना किया गया. सरकार का उद्देश्य मुनगा के पौधों को घरों और सामुदायिक स्थानों तक पहुंचाकर पोषण से जोड़ना है. अभियान के जरिए ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा.

मुनगा से पोषण और एनीमिया पर फोकस
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुनगा को पोषण से भरपूर पौधा बताते हुए कहा कि इसमें आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन और कई जरूरी विटामिन पाए जाते हैं. अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पोषण वाटिकाओं और ग्रामीण घरों की बाड़ियों में मुनगा के पौधे लगाए और वितरित किए जाएंगे. सरकार का मानना है कि घर के आसपास मुनगा उपलब्ध होने से महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पौष्टिक आहार आसानी से मिल सकेगा. इसके जरिए एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं से निपटने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

52,553 आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ेंगे 7.88 लाख परिवार
अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के 52,553 आंगनबाड़ी केंद्रों को इससे जोड़ा गया है. इनके माध्यम से करीब 7.88 लाख परिवारों तक अभियान की पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा गया है. प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के क्षेत्र में 15 मुनगा पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी तय की गई है. पौधों के सुरक्षित रहने, खराब होने या दोबारा पौधरोपण की जरूरत जैसी स्थितियों की भी निगरानी की जाएगी, ताकि अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे.
मंत्रालय से ग्राम पंचायत तक तय हुई जिम्मेदारी
अभियान की निगरानी और क्रियान्वयन के लिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं. मंत्रालय स्तर पर विभागीय सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य स्तरीय समिति नीतिगत मार्गदर्शन देगी. जिला स्तर पर कलेक्टर और विकासखंड स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में अंतर-विभागीय समितियां अभियान की मॉनिटरिंग करेंगी. इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की भी जिम्मेदारी तय की गई है. पौधों की स्थिति पर नजर रखने के लिए डिजिटल डैशबोर्ड का भी इस्तेमाल किया जाएगा.
छह नई योजनाओं में पहली योजना को मिली जमीन पर शुरुआत
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से तैयार की जा रही छह नई जनकल्याणकारी योजनाओं में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ को पहली योजना के रूप में लागू किया गया है. मंत्री राजवाड़े के मुताबिक सरकार का लक्ष्य योजनाओं को केवल घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय तेजी से जमीन पर उतारना है. उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी बाड़ी में मुनगा का पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की. साथ ही सप्ताह में कम से कम तीन बार मुनगा फल, भाजी और फूल को भोजन में शामिल करने का आग्रह किया, ताकि पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके.


One Response