CG News: PM मोदी की 25 साल की जनसेवा पर छत्तीसगढ़ में बड़ा अभियान, CM साय ने बताया पूरा प्लान
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा छत्तीसगढ़ में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है. यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें सेवा गतिविधियों, सुशासन, जनसंपर्क और सामाजिक भागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर होगी, जबकि 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा.
![]()
CM साय ने बताई अभियान की पूरी रूपरेखा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान अभियान की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण का उदाहरण है. CM साय के मुताबिक, यह अभियान उन परिवारों के प्रति आभार जताने का माध्यम भी होगा, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है. विद्यार्थियों और युवाओं को जोड़ने के लिए 18 और 19 सितंबर को ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.
नुक्कड़ नाटक से बताई जाएंगी बदलाव की कहानियां
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के जरिए सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानियां आम जनता तक पहुंचाई जाएंगी. 18 सितंबर को ड्राइंग और 19 सितंबर को प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है. अभियान के तहत सेवा गतिविधियों को व्यापक रूप देने के लिए नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा जाएगा. इसके जरिए सरकार की योजनाओं से हुए बदलाव को लोगों के बीच पहुंचाने की कोशिश होगी.
बदलते बस्तर पर रहेगा खास फोकस
अभियान के दौरान ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के जरिए बस्तर में हुए बदलाव को देश के सामने रखने की योजना है. वहीं ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र देने के साथ राजस्व से जुड़े मामलों के समाधान की कोशिश की जाएगी. सरकार और आम लोगों के बीच सीधा संपर्क बढ़ाने के लिए इसे अहम पहल माना जा रहा है.
23 से 25 सितंबर तक सेवा गतिविधियों का आयोजन
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत नागरिकों और संस्थाओं को अलग-अलग सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा. इनमें रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा में सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी गतिविधियां शामिल होंगी. भाजपा की योजना अभियान के जरिए संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने के साथ सेवा और सुशासन का संदेश लोगों तक पहुंचाने की है. दीप प्रज्वलन, रंगोली और जल संरक्षण जैसे कार्यक्रमों के जरिए इसे जनभागीदारी वाले सामाजिक अभियान का रूप देने की भी तैयारी है.


One Response