CG News: सक्ती में आज ऐतिहासिक आयोजन, शिवराज चौहान और CM साय की मौजूदगी में 39 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा में ग्रामीण विकास को लेकर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं से जुड़ी सौगातें एक साथ दी जाएंगी. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे. आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.

10 हजार लोगों की क्षमता वाला डोम तैयार
शिवराज सिंह चौहान दोपहर करीब 12 बजे सक्ती पहुंचेंगे. उनके दौरे को देखते हुए कलेक्टोरेट मैदान में करीब 10 हजार लोगों की क्षमता वाला बड़ा डोम तैयार किया गया है. कार्यक्रम स्थल और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है. आयोजन के दौरान ग्रामीण विकास से संबंधित 122 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 39 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है.
2 लाख परिवारों को पक्के घर की सौगात
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 2 लाख परिवारों को पक्के मकानों की सौगात दी जाएगी. इसके साथ ही कई परिवारों के लिए गृहप्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित होगा. इसी दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली की शुरुआत की जाएगी. जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नदियों और जलधाराओं के पुनर्जीवन से जुड़ा ‘धार अपार अभियान’ भी शुरू किया जाएगा.
खेती और ग्रामीण आजीविका पर भी फोकस
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर शुरू किए जाएंगे. इन क्लस्टरों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को बेहतर तरीके से बढ़ावा देने की योजना है. आयोजन में ग्रामीण महिलाओं और पंचायत स्तर पर बेहतर काम करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा. लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और रानी मिस्त्री के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मान मिलेगा.
ग्रामीण विकास की योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
सक्ती का यह मेगा आयोजन आवास, ग्रामीण आजीविका, कृषि और जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक ही मंच से कई विकास कार्यों की शुरुआत और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की गई है.


One Response