CG News: रायपुर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस पर साधा निशाना, विकास कार्यों का गिनाया हिसाब
CG News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को रायपुर पहुंचे, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता ने हमेशा विश्वास जताया है. कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शिवराज ने कहा, “कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह कर दिया है.” उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है.
![]()
3.65 लाख से ज्यादा मकानों को मंजूरी
शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण विकास और गरीब परिवारों के लिए चल रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को पक्के मकान का अधिकार देने की दिशा में काम किया है. उनके मुताबिक छत्तीसगढ़ में 3 लाख 65 हजार से ज्यादा मकानों को मंजूरी दी गई है. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इन स्वीकृत मकानों से जुड़ा पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने पर है.
रोज बन रहे करीब 1600 मकान
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन करीब 1600 मकानों का निर्माण पूरा हो रहा है. उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़े अभियानों में प्रदेश की भागीदारी का भी उल्लेख किया. शिवराज ने बताया कि खेत से सड़क योजना के तहत छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है. उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और आवास जैसी सुविधाओं के विस्तार से गांवों के विकास को नई गति मिल रही है.
वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस को घेरा
कर्नाटक में वंदे मातरम् के दो पद गाए जाने के विवाद को लेकर भी शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कर्नाटक सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे देश और भारत माता के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया. शिवराज ने कांग्रेस पर संविधान की अवहेलना करने का आरोप लगाया और तंज कसते हुए कहा, “हम तो डूबे हैं सनम, तुमको भी ले डूबेंगे.” उन्होंने कांग्रेस के इस कदम को राष्ट्रहित के खिलाफ बताया.
BRICS और PM मोदी की सेवा यात्रा का जिक्र
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर शिवराज ने कहा कि दुनिया के कई प्रमुख देश एक मंच पर एकत्रित हो रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर इस सम्मेलन पर है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस को परेशानी होती है. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए शिवराज ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है. उन्होंने कहा, “भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है और भारत विश्वगुरु बनने के पथ पर चल रहा है.”


One Response