CG News: तेलीपारा में दुर्गोत्सव का 50वां साल, 80 फीट के गेट और 10 हजार श्रद्धालुओं का होगा जमावड़ा
CG News: बिलासपुर के तेलीपारा में शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति इस बार दुर्गोत्सव का 50वां वर्ष मना रही है. साल 1977 में शुरू हुई समिति का आयोजन हर वर्ष अपनी भव्य सजावट, आकर्षक प्रतिमा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए खास पहचान रखता है. स्वर्ण जयंती वर्ष को यादगार बनाने के लिए समिति ने इस बार करीब 1.5 करोड़ रुपए का बजट तय किया है.

श्रीलंका मंदिर की थीम पर बनेगा पंडाल
इस बार माता रानी की प्रतिमा बंगाल के प्रसिद्ध मूर्तिकार गणेश पाल द्वारा चांपा में तैयार की जा रही है. वहीं पंडाल निर्माण का काम करीब दो महीने पहले ही शुरू कर दिया गया है. कोलकाता के टेंट संचालक और कलाकार पंडाल को तैयार कर रहे हैं. पंडाल का आंतरिक स्वरूप श्रीलंका के भद्रकाली अम्मन मंदिर की थीम पर बनाया जा रहा है, जबकि दोनों ओर 80-80 फीट ऊंचे प्रवेश द्वार होंगे, जिन पर 20-20 फीट ऊंची गणेश और कार्तिकेय की प्रतिमाएं आकर्षण बढ़ाएंगी.
चंदननगर की तर्ज पर होगी रोशनी
दुर्गोत्सव के दौरान तेलीपारा से पंडाल तक पूरे मार्ग को विशेष लाइटिंग से सजाया जाएगा. इसके लिए कोलकाता के प्रसिद्ध चंदननगर की रोशनी को आधार बनाया जा रहा है. माता रानी का भव्य आगमन 12 अक्टूबर को शोभायात्रा के साथ होगा. इसमें पुणे का डीजे और ऑर्केस्ट्रा, दुर्ग की धुमाल पार्टी, स्थानीय बैंड, बस्तर का मांडरी बाजा और गेड़ी नृत्य, कोरबा का कर्मा बाजा और मुंगेली का राउत बाजा शामिल होगा.
झांकियां और कलाकार बढ़ाएंगे आकर्षण
शोभायात्रा में बिलासा देवी, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण और रावण वध की झांकियां भी शामिल रहेंगी. इसके साथ मुंगेली से स्टंट ग्रुप बुलाया गया है, जो अलग-अलग करतब दिखाएगा, जबकि बालोदाबाजार से भी विशेष मनोरंजन आकर्षण लाए जाएंगे. शहडोल से तात्या बिच्छू की प्रस्तुति होगी और बेलतरा की रामायण भजन मंडली भक्ति कार्यक्रम पेश करेगी. माता के आगमन पर पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ स्वागत होगा, इसके बाद गंगा आरती कर उन्हें पंडाल में प्रवेश कराया जाएगा.
जागरण, फन वर्ल्ड और रोजाना भंडारा
स्वर्ण जयंती वर्ष में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए बस स्टैंड के पास फन वर्ल्ड मेला भी लगाया जा रहा है. बच्चों के लिए जबलपुर के कलाकार विशेष हॉरर हाउस तैयार करेंगे. 12 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध गायिका अल्का चंद्राकर का विशेष जागरण आयोजित होगा, जिसमें 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. पूरे नवरात्रि प्रतिदिन शाम 8 बजे से रात 12 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन प्रस्तुतियां होंगी, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए रोजाना भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी.

One Response