CG News: किसानों के लिए साय सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश में खुलेंगे 354 नए धान खरीदी केंद्र
CG News: छत्तीसगढ़ में किसानों को धान बेचने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोलने की घोषणा की है. सरकार का कहना है कि नए केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी व्यवस्था उनके लिए अधिक सुविधाजनक होगी.

दो साल में 11 हजार करोड़ के काम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह घोषणा 31 अगस्त को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र में की. उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 11 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं से जुड़े विकास कार्यों को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार की प्राथमिकताओं में किसान, गरीब, युवा और महिलाएं शामिल हैं.

नक्सलवाद के खिलाफ सफलता का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बैठक में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई और सरकार को मिली सफलता का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश नक्सलमुक्ति की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है. संवेदनशील क्षेत्रों में विकास, शिक्षा और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए भी सरकार की ओर से काम किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से किसान हितैषी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की.

केंद्र की योजनाओं की दी जानकारी
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी. उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता और शौचालय निर्माण की पहल से महिलाओं और बेटियों के सम्मान से जुड़े कई बदलाव हुए हैं. कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी किसानों के हित में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से लिए जा रहे फैसलों और किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की.
किसान हित और संगठन विस्तार पर मंथन
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने संगठन की ओर से किए गए कार्यों और उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया. बैठक में किसान हित से जुड़े मुद्दों, संगठन विस्तार और सरकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई. किसान हित से संबंधित राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिला. बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : CG News: इस बार एक ही दिन मनेंगे हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी, सुबह गणेश स्थापना तो शाम को शिव-पार्वती की पूजा




