CG News: नारी शक्ति सम्मान समारोह में CM साय का बड़ा संदेश, बोले- महिला आगे बढ़ेगी तो छत्तीसगढ़ बढ़ेगा
CG News: राजधानी रायपुर में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया. पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में हुए कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा, खेल, पत्रकारिता, साइबर सुरक्षा, कला-संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता और सामाजिक सेवा सहित कई क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान मिला.

महतारी गौरव वर्ष में सशक्तिकरण पर फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2026 को महतारी गौरव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के साथ उनके लिए नए अवसर उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश की हर बेटी को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिले, महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और आर्थिक स्वावलंबन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.

13.85 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, कृषि, वनोपज, लघु उद्योग और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के साथ ड्रोन संचालन जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं. सरकार का जोर महिलाओं को कौशल, पूंजी, बाजार और तकनीक से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने पर है.

महतारी वंदन से 68 लाख से ज्यादा महिलाओं को लाभ
सीएम साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, अब तक योजना की 31 किस्तें जारी हो चुकी हैं. इसके साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों के प्रशिक्षण और आर्थिक गतिविधियों के लिए प्रदेश में 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं मेरी बेटी, मेरा अभिमान पहल के तहत 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण को मंजूरी दी गई है.
गांवों तक पहुंचे महिला आयोग
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं देते हुए आयोग से गांवों, कस्बों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचने की अपील की. उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देने के साथ जरूरतमंदों को कानूनी सहायता और त्वरित न्याय दिलाना भी जरूरी है, सीएम साय ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता के बिना विकसित छत्तीसगढ़ की कल्पना नहीं की जा सकती.
यह भी पढ़ें : CG News: बिजली निजीकरण के आरोपों पर CM साय का पलटवार, बोले- भ्रम फैलाने की कोशिश




