CG News: रायपुर में PM किसान योजना के हितग्राहियों का Farmer Registration तेज, 10 दिन में पूरा होगा काम
CG News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों का Farmer Registration अब तेजी से पूरा कराने की तैयारी है. रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन की अध्यक्षता में हुई कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई. अधिकारियों को लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
10 दिन में पूरा करना होगा रजिस्ट्रेशन
बैठक में PM किसान योजना से जुड़े किसानों की Farmer ID बनाने के काम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए. सीईओ ने अधिकारियों को रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 10 दिन के भीतर पूरी करने को कहा है. इसके साथ ही योजना से जुड़े संदिग्ध मामलों का भी जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो.
पात्र किसानों का KCC बनाने पर जोर
किसानों को संस्थागत ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड यानी KCC पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया. अधिकारियों को जिले के सभी पात्र किसानों का KCC बनवाने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे किसानों को खेती और कृषि से जुड़ी गतिविधियों के लिए जरूरत के मुताबिक बैंकिंग ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
दलहन और तिलहन का रकबा बढ़ाने का लक्ष्य
आगामी रबी सीजन को देखते हुए दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की तैयारी भी की जा रही है. कृषि विभाग ने पिछले साल की तुलना में इन फसलों के रकबे में कम से कम 33 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा है. अधिकारियों को किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार खेती का क्षेत्र बढ़ाने के लिए जरूरी प्रयास करने को कहा गया है.
बीज उत्पादन और योजनाओं की होगी मॉनिटरिंग
बैठक में तय लक्ष्य के अनुसार बीज उत्पादन कार्यक्रम को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया गया. कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में भौतिक और वित्तीय लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए गए. बैठक में उप संचालक कृषि सतीश अवस्थी सहित रायपुर जिले के चारों विकासखंडों के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और किसानों से जुड़े मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में सितंबर की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, जन्माष्टमी और हरितालिका तीज पर रहेगा शासकीय अवकाश




