CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर आज रात से बदलेगी यातायात व्यवस्था, गेट नंबर-2 बंद होने के बाद ये होगा नया रूट
CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते मुख्य गेट नंबर-2 को सोमवार रात 11 बजे से बैरिकेडिंग लगाकर बंद करने की तैयारी है. हालांकि अंतिम निर्णय शाम को होने वाली बैठक के बाद लिया जाएगा. गेट बंद होने के साथ यहां से प्लेटफार्म-1 पर यात्रियों की सीधी आवाजाही भी रोक दी जाएगी. यह गेट स्टेशन का प्रमुख प्रवेश मार्ग रहा है, जहां वाहन से आने वाले यात्री सीधे उतरकर प्लेटफार्म तक पहुंचते थे.

नए रूट का होगा ट्रायल
गेट नंबर-2 बंद करने से पहले नए यातायात रूट को कुछ दिनों के लिए परीक्षण के तौर पर लागू किया जाएगा. व्यवस्था ठीक रहने पर इसी मार्ग के तहत गेट नंबर-2 पर तोड़फोड़ और पुनर्विकास का काम शुरू किया जाएगा. रेलवे ने वाहनों की आवाजाही को लेकर नया रोडमैप तैयार किया है, ताकि यात्रियों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी कम हो.
एक्सप्रेस-वे और फाफाडीह से बदलेगा रास्ता
एक्सप्रेस-वे की तरफ से आने वाले वाहन अब वीआईपी गेट तक ही पहुंच सकेंगे. वहां से उन्हें वापस एक्सप्रेस-वे की ओर जाना होगा या फाफाडीह मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ेगा. वहीं, गुरुद्वारा के सामने वाले गेट से आने वाले वाहन गेट नंबर-3 तक जा सकेंगे. गेट नंबर-2 बंद होने के बाद स्टेशन के सामने पार्किंग और वाहनों की आवाजाही के नियम भी बदले जाएंगे.
पुराने पार्किंग एरिया में बनेगा ऑटो स्टैंड
फिलहाल गेट नंबर-2 के सामने ऑटो खड़े होते हैं, लेकिन नए रूट के लागू होने के बाद यहां से ऑटो हटाए जाएंगे. इन्हें ऑटो स्टैंड के पीछे मौजूद पुराने कार पार्किंग क्षेत्र में व्यवस्थित किया जाएगा. स्टेशन के सामने दूसरे स्थानों पर बेतरतीब खड़े वाहनों को भी हटाने की योजना है, ताकि व्यस्त समय में जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.
छह बैठकों के बाद नई व्यवस्था की तैयारी
रायपुर रेलवे स्टेशन की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पिछले एक साल में रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और ट्रैफिक पुलिस के बीच करीब छह बैठकें हो चुकी हैं. अलग-अलग योजनाओं पर चर्चा के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है. स्टेशन पर सुबह और शाम के समय अक्सर जाम की स्थिति बनती है. अब गेट नंबर-2 बंद कर नए रूट का ट्रायल किया जाएगा, सफल रहने पर पुनर्विकास कार्य आगे बढ़ेगा. टिकट काउंटर को पहले ही आरक्षण केंद्र वाली इमारत में स्थानांतरित किया जा चुका है, इसलिए यात्रियों को आगे वैकल्पिक प्रवेश और निकास मार्गों का इस्तेमाल करना होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: नक्सल हिंसा के साए से बाहर आया छिंदनार, पहली बार गांव में जुटे लोग और सुनी PM मोदी की ‘मन की बात’




