CG News: जशपुर की खराब सड़कों पर अरुण साव का बड़ा बयान, बारिश बाद तेज होगा निर्माण और पुनर्निर्माण
CG News: लगातार बारिश के कारण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं. जशपुर और सरगुजा संभाग में खराब सड़कों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्थिति पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जरूरी मरम्मत और सड़कों के रखरखाव का काम लगातार किया जा रहा है. अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, जबकि बारिश का दौर समाप्त होने के बाद बड़े पैमाने पर निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों को गति देने की तैयारी है.

शतरंज प्रतियोगिता में पहुंचे थे उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री अरुण साव शनिवार को जशपुर में आयोजित अखिल भारतीय फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उनसे जशपुर और सरगुजा संभाग की खराब सड़कों को लेकर सवाल किया गया. खासतौर पर अंबिकापुर में सड़कों की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बार अत्यधिक बारिश से कई मार्गों को नुकसान पहुंचा है. मौसम सामान्य होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों के स्थायी निर्माण और पुनर्निर्माण पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा.

जशपुर के कई प्रमुख मार्ग प्रभावित
जशपुर जिले में कई प्रमुख सड़कों की स्थिति बारिश के बाद खराब हुई है. कोतबा-बागबहार मार्ग, चराईडांड़-बतौली स्टेट हाईवे के भीतघरा हिस्से और बगीचा-बतौली मार्ग को लेकर स्थानीय स्तर पर शिकायतें सामने आई हैं. तपकरा-फरसाबहार और लुड़ेग-बागबहार मार्ग की स्थिति भी चर्चा में है. कई स्थानों पर गड्ढे बढ़ने और सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अंबिकापुर की सड़कों पर भी उठी आवाज
अंबिकापुर में खराब सड़कों का मुद्दा भाजपा प्रदेश महामंत्री पवन साय ने भी अधिकारियों के सामने उठाया था. उन्होंने कलेक्टर और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों से सड़क की स्थिति को लेकर जानकारी ली थी. इसके साथ ही वित्त मंत्री और सरगुजा प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी से भी इस विषय पर चर्चा की गई थी. इसके बाद शहर में सड़क के गड्ढों को अस्थायी रूप से भरने के लिए गिट्टी डालने का काम शुरू कराया गया था, जिससे बारिश के दौरान लोगों को कुछ राहत मिल सके.
बारिश के बाद स्थायी समाधान की उम्मीद
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के बयान के बाद अब जशपुर और सरगुजा संभाग के लोगों को बारिश समाप्त होने के बाद स्थायी सड़क निर्माण की उम्मीद है. फिलहाल बरसात के दौरान जहां जरूरी मरम्मत और रखरखाव किया जा रहा है, वहीं मौसम साफ होने पर बड़े निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही गई है. ऐसे में आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि जर्जर मार्गों की प्राथमिकता तय कर किन सड़कों पर सबसे पहले निर्माण और पुनर्निर्माण का काम शुरू किया जाता है.



