CG News: रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह, खिलाड़ियों को मिले 1 करोड़ 74 लाख, ओलंपिक की तैयारी पर जोर
CG News: रायपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के बेहतरीन खिलाड़ियों का सम्मान किया. इस दौरान खिलाड़ियों को कुल 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. मुख्यमंत्री ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं.

दोबारा शुरू हुआ खेल अलंकरण समारोह
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कुछ वर्षों से राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित नहीं हो पा रहा था, जिसे सरकार ने फिर से शुरू किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. बस्तर ओलंपिक के आयोजन और खेलो इंडिया राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स की सफलता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी बड़े मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम जारी है.

ओलंपिक और कॉमनवेल्थ के लिए तैयारी
सरकार का अगला लक्ष्य प्रदेश के खिलाड़ियों को कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए तैयार करना है. इसके लिए खेल मैदान, प्रशिक्षण व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं. इन सुविधाओं से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण का वातावरण मिल सकेगा.
ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख की प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम में एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें 30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है. इसके साथ ही ज्ञानेश्वरी यादव को DSP पद पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देगी.
अरुण साव ने बताया यादगार अवसर
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य खेल अलंकरण समारोह को खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण और यादगार अवसर बताया. उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का माध्यम भी है. उन्होंने कहा कि राज्य खेल अलंकरण प्रदेश के वीर शहीदों के नाम पर प्रदान किया जा रहा है. समारोह में पिछले तीन वर्षों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिससे प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने का संदेश मिला.
यह भी पढ़ें : CG News: कबीरधाम के 173 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, 28 पंचायतों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय को मंजूरी




