CG News: कबीरधाम के 173 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, 28 पंचायतों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय को मंजूरी
CG News: कबीरधाम जिले के ग्रामीण इलाकों में सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार देने की तैयारी की गई है. विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण योजना के तहत जिले के 173 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण को स्वीकृति मिली है. इन कार्यों के लिए 7 करोड़ 47 लाख 61 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं. निर्माण पूरा होने के बाद छात्राओं को स्कूल परिसर में बेहतर और जरूरी स्वच्छता सुविधा मिल सकेगी.

28 ग्राम पंचायतों में होगा निर्माण
ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 28 ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय बनाने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है. कवर्धा जनपद में 1, बोड़ला में 16, पंडरिया में 3 और सहसपुर लोहारा में 8 ग्राम पंचायतों को इस योजना में शामिल किया गया है. इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा.
मजदूरों को रोजाना 300 रुपए का भुगतान
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल के अनुसार ग्रामीणों की मांग और स्थल निरीक्षण के बाद इन कार्यों को मंजूरी दी गई है. निर्माण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को एजेंसी के रूप में दी गई है और संबंधित कर्मचारियों को काम जल्द शुरू कर तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं. योजना के तहत काम करने वाले पंजीकृत श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपए की मजदूरी दी जा रही है. भुगतान सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में किया जाएगा.
40 हजार से ज्यादा मानव दिवस रोजगार
बालिका शौचालय निर्माण से करीब 33,011 मानव दिवस रोजगार सृजित होने का अनुमान है, जबकि मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के निर्माण से 7,266 मानव दिवस रोजगार मिलेगा. दोनों परियोजनाओं को मिलाकर ग्रामीण क्षेत्र में कुल 40,277 मानव दिवस रोजगार के अवसर तैयार होंगे. इससे स्थानीय पंजीकृत श्रमिकों को काम मिलने के साथ उनकी आय का स्रोत भी मजबूत होगा. योजना का उद्देश्य विकास कार्यों और रोजगार को एक साथ आगे बढ़ाना है.
9.15 करोड़ रुपए से होंगे दोनों काम
बालिका शौचालय और मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण के लिए कुल 9 करोड़ 15 लाख 61 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है. शौचालय निर्माण के लिए कवर्धा क्षेत्र के 25, बोड़ला के 46, पंडरिया के 86 और सहसपुर लोहारा के 16 स्कूल चुने गए हैं. प्रशासन का लक्ष्य निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराना है, ताकि एक ओर ग्रामीणों को रोजगार मिले और दूसरी ओर स्कूलों तथा गांवों में जरूरी बुनियादी सुविधाएं मजबूत हो सकें.
यह भी पढ़ें : CG News: मेदांता से अपोलो तक 66 अस्पतालों में इलाज की सुविधा, सरकारी कर्मचारियों के लिए नए नियम जारी




