CG News: जोरा-टाटीबंध-कुम्हारी मार्ग पर लागू होगा लेनिंग सिस्टम, जाम से मिलेगी राहत
CG News: रायपुर के व्यस्त जोरा-टाटीबंध-कुम्हारी मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. रिंग रोड-1 पर पहली बार मेट्रो सिटी की तर्ज पर लेनिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी की जा रही है. इसके तहत भारी वाहनों को बाईं लेन में चलना अनिवार्य किया जाएगा. NHAI और यातायात पुलिस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और कई जगह नियमों से जुड़े बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं.

10 लाख से ज्यादा लोगों को राहत की उम्मीद
रिंग रोड-1 से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक और दूसरे भारी वाहन गुजरते हैं. यह मार्ग मुंबई-हावड़ा रूट के साथ मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश की ओर जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण है. ट्रकों के बार-बार लेन बदलने से जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. नई व्यवस्था लागू होने से आसपास की 10 लाख से अधिक आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है.
सर्विस रोड का भी होगा चौड़ीकरण
रिंग रोड के सर्विस रोड को दोनों तरफ करीब 10-10 मीटर चौड़ा करने की तैयारी चल रही है. इसके लिए बिजली के ट्रांसफार्मर और खंभों को हटाने का काम भी शुरू किया गया है. सड़क की क्षमता बढ़ने के बाद कार, बस और दोपहिया वाहनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है. इससे मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है.
18 सिग्नलों को लेफ्ट टर्न फ्री करने की तैयारी
यातायात विभाग शहर के 18 प्रमुख सिग्नलों को लेफ्ट टर्न फ्री करने की दिशा में भी काम कर रहा है. इसमें भारतमाता चौक, लाखेनगर चौक, खम्हारडीह चौक, शंकर नगर, सिविल लाइन, शास्त्री चौक, कालीबाड़ी चौक, फाफाडीह चौक और तेलीबांधा थाना चौक समेत कई प्रमुख स्थान शामिल हैं. इस व्यवस्था के लिए करीब 18 महीने की समय सीमा तय की गई है.
बोर्ड लगाकर चालकों को किया जा रहा जागरूक
एसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर के मुताबिक, पहले चरण में जोरा से टाटीबंध होते हुए कुम्हारी तक लेनिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है. NHAI और यातायात पुलिस मिलकर 100 से 500 मीटर के अंतराल पर सूचना बोर्ड लगा रहे हैं. इन बोर्ड के जरिए भारी वाहन चालकों को बाईं लेन में चलने और लेन अनुशासन का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा. व्यवस्था सफल रही तो इससे इस प्रमुख मार्ग पर ट्रैफिक संचालन और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.




