CG News: नेपाल में छत्तीसगढ़ के 2 नागरिक लापता, 5 सुरक्षित लौट रहे
CG News: नेपाल में आई बाढ़ और तबाही के बीच छत्तीसगढ़ के दो नागरिकों के अब भी लापता होने की जानकारी सामने आई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के लोगों की जानकारी जुटा रही है और अब तक 9 नागरिकों से जुड़ी जानकारी सामने आई है. अधिकारियों ने दो लापता लोगों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
![]()
CM साय ने स्थापित कराया कंट्रोल रूम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेपाल में आई आपदा पर दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जानकारी और सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है. इसके साथ ही टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है, जहां नेपाल आपदा से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है और जरूरत पड़ने पर सहायता मांगी जा सकती है.

रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित
नेपाल से एक राहत भरी खबर भी सामने आई है. रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं और छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं. अधिकारियों ने रायपुर निवासी मोनिका यादव के परिजनों से भी संपर्क किया है. जानकारी के मुताबिक, मोनिका 22 अगस्त को नेपाल गई थीं. वहीं बिलासपुर की मंजू राय चौधरी के परिजनों से भी संपर्क स्थापित कर उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है.
दो नागरिकों से अब तक संपर्क नहीं
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के लापता होने की जानकारी सामने आई है. बताया गया है कि वह फिनलैंड में रहती हैं. इसके अलावा सरगुजा की रहने वाली डॉ. मीना गुप्ता से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है. दोनों के परिजनों से संपर्क कर सरकार उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने में लगी है.
सरकार जुटा रही पूरी जानकारी
नेपाल में बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदा के बाद छत्तीसगढ़ सरकार वहां मौजूद अपने नागरिकों की जानकारी लगातार जुटा रही है. अधिकारियों को लापता लोगों के परिजनों के संपर्क में रहने और जरूरी जानकारी हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल पांच नागरिकों के सुरक्षित लौटने की खबर राहत देने वाली है, जबकि दो लापता नागरिकों को लेकर परिजनों और सरकार की चिंता बनी हुई है.
यह भी पढ़ें : CG News: मानसून में बस्तर के झरनें बने पर्यटन स्थल, चित्रकोट-तीरथगढ़ में उमड़ी भीड़




