CG News: रायपुर में ग्रेन ATM की बढ़ेगी संख्या, सभी 10 जोन में खुलेगा एक-एक सेंटर
CG News: राजधानी रायपुर के बिरगांव क्षेत्र में शुरू किए गए अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम सेंटर को मिल रहे अच्छे प्रतिसाद के बाद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग अब शहर में ऐसे सेंटरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. विभाग की योजना है कि रायपुर के सभी 10 जोन क्षेत्रों में एक-एक ग्रेन एटीएम सेंटर शुरू किया जाए. इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में उपयुक्त स्थानों की तलाश और पहचान का काम शुरू कर दिया गया है. जगह तय होने के बाद सेंटर स्थापित करने की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी.

एपीएल कार्डधारकों को भी मिलने लगा चावल
बिरगांव के ग्रेन एटीएम सेंटर में अब एपीएल श्रेणी के राशन कार्डधारकों को भी चावल उपलब्ध कराया जा रहा है. शुरुआत में यहां केवल निःशुल्क चावल प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को ही सुविधा मिल रही थी, लेकिन अब 10 रुपये प्रति किलो की दर से चावल लेने वाले एपीएल कार्डधारक भी मशीन के माध्यम से राशन प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें निर्धारित राशि नकद देनी होती है, जिसे सेंटर का संचालन करने वाला समूह प्राप्त करता है. सेंटर में शक्कर और नमक के वितरण की सुविधा भी रखी गई है, जिसके लिए अलग ई-पॉस मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है.
तीन जिलों में शुरू हुआ था पायलट प्रोजेक्ट
ग्रेन एटीएम की शुरुआत प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में एक-एक सेंटर से की गई थी. इन सेंटरों में राशन कार्डधारक खुद मशीन पर अपना आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करता है और फिर बायोमेट्रिक के लिए फिंगरप्रिंट देता है. पहचान की पुष्टि होते ही मशीन से चावल निकलना शुरू हो जाता है और राशन सीधे बोरी में गिरता है. हितग्राही को केवल बोरी को संभालकर रखना होता है. इस पूरी प्रक्रिया में कुछ ही मिनट लगते हैं, जिससे पारंपरिक तरीके की तुलना में राशन लेने में काफी समय बच रहा है.
12 दिन में 300 क्विंटल से ज्यादा चावल वितरित
रायपुर के ट्रांसपोर्ट नगर बिरगांव में शुरू हुए ग्रेन एटीएम सेंटर को अभी करीब 12 दिन ही हुए हैं, लेकिन इस अवधि में 300 क्विंटल से ज्यादा चावल का वितरण किया जा चुका है. सेंटर पर राशन लेने की आसान और तेज प्रक्रिया को देखते हुए कार्डधारकों में इसे लेकर रुचि बढ़ रही है. इसी प्रतिक्रिया को देखते हुए जिला खाद्य विभाग ने शहर के सभी 10 जोन में नए सेंटर शुरू करने की दिशा में काम तेज कर दिया है. खाद्य निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं.
मुख्यालय भेजा जाएगा प्रस्ताव
रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार, ग्रेन एटीएम सेंटर की सफलता को देखते हुए अब प्रत्येक जोन में एक नया सेंटर खोलने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा. फिलहाल स्थानों को चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है. जगह तय होने के बाद विभाग प्रस्ताव तैयार कर इसे स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजेगा. मंजूरी मिलने के बाद रायपुर शहर में 10 नए ग्रेन एटीएम सेंटर शुरू होने का रास्ता साफ हो सकता है, जिससे अधिक राशन कार्डधारकों को कम समय में और आसान तरीके से चावल उपलब्ध कराया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: सरकारी बैंक खातों की सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, अब हर लेनदेन पर कड़ी निगरानी




