CG News: इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड पर सरकार का आश्वासन, 30 अगस्त तक आंदोलन स्थगित
CG News: इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल के बीच अहम बैठक हुई. करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में प्रदेश के अलग-अलग शासकीय मेडिकल कॉलेजों से आए इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी मांग रखी. चर्चा के दौरान स्टाइपेंड बढ़ाने से जुड़े प्रस्ताव और सरकार की ओर से की जा रही प्रक्रिया पर विस्तार से बातचीत हुई.

महीने के अंत तक कार्रवाई का आश्वासन
स्वास्थ्य मंत्री ने इंटर्न डॉक्टरों को भरोसा दिलाया कि स्टाइपेंड वृद्धि से जुड़े मामले में इसी महीने के अंत तक आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का प्रयास किया जाएगा. सरकार के आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने फिलहाल अपना आंदोलन 30 अगस्त तक स्थगित करने का फैसला लिया. हालांकि, डॉक्टरों ने साफ किया है कि आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं किया गया है.
समय पर फैसला नहीं हुआ तो फिर आंदोलन
इंटर्न डॉक्टरों के संगठन ने कहा कि अगर तय समय सीमा के भीतर स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो दोबारा आंदोलन शुरू किया जा सकता है. बैठक में IMA-MSN छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक शाहदिल खुसरू, को-चेयरमैन डॉ. निलय तिवारी और IMA-JDN के संयोजक डॉ. प्रशांत अन्नेपु समेत विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टर मौजूद रहे.
15,900 से बढ़ाकर 30 हजार करने की मांग
शाहदिल खुसरू के मुताबिक, पिछले दो महीनों में स्वास्थ्य मंत्री के साथ स्टाइपेंड के मुद्दे पर करीब आठ बैठकें हो चुकी हैं. IMA-MSN की ओर से स्टाइपेंड वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव और नीति का प्रारूप भी तैयार किया गया है, जिस पर मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया चल रही है. फिलहाल इंटर्न डॉक्टरों को 15,900 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलता है, जिसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया है.
सरकार के फैसले पर टिकी नजर
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि मेडिकल शिक्षा और प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाला स्टाइपेंड उनकी जरूरतों के अनुरूप बढ़ाया जाना चाहिए. अब सरकार के आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने 30 अगस्त तक आंदोलन स्थगित किया है. इस अवधि में प्रस्ताव पर क्या फैसला होता है, इसी पर आगे की रणनीति तय होगी.




