CG News: सरगुजा के 50 छात्रों ने सीएम साय से की मुलाकात, शैक्षणिक भ्रमण से मिली नई दिशा
CG News: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सरगुजा जिले के ग्रामीण इलाकों से शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राओं ने मुलाकात की. अंबिकापुर क्षेत्र के सात सरकारी स्कूलों से आए करीब 50 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी.

बड़े सपने देखें और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि छात्र जीवन भविष्य की नींव मजबूत करने का सबसे अहम समय है. इसी दौरान तय किए गए लक्ष्य और उन्हें पाने के लिए की गई मेहनत आगे की दिशा निर्धारित करती है. उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन के साथ प्रयास करने को कहा. सीएम ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के जरिए किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है.

अपनी प्रतिभा को पहचानने की दी सीख
मुख्यमंत्री ने कहा कि करियर के विकल्प सिर्फ डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं हैं. शिक्षा, विज्ञान, रिसर्च, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए कई अवसर मौजूद हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर सही लक्ष्य चुनने की सलाह दी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विभिन्न प्रतिभाओं और सफल लोगों के प्रेरक उदाहरण भी बच्चों के साथ साझा किए.
ग्रामीण छात्रों को समान अवसर देने पर जोर
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है और राज्य में कई प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित किए गए हैं. सरकार की कोशिश है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अच्छी शिक्षा, सही मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें. उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों की सोच को व्यापक बनाते हैं और उन्हें भविष्य की संभावनाओं को करीब से समझने का अवसर देते हैं.
नवा रायपुर के संस्थानों का किया भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण में कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला, करजी और सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए. विद्यार्थियों ने नवा रायपुर में आईआईएम, ट्रिपल आईटी, ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर ज्ञान, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. कार्यक्रम में युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : CG News: बस्तर में BSNL का बड़ा नेटवर्क विस्तार, 419 नए टॉवर और सस्ते डिजिटल प्लान की घोषणा

