CG News: सेन शक्ति सम्मेलन में CM साय के बड़े ऐलान, सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख और युवाओं को सौगात
CG News: रायपुर में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की. मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने का ऐलान किया. इसके साथ ही नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने की घोषणा की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज का देश की सामाजिक व्यवस्था और संस्कारों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है.

पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेन समाज केवल पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न संस्कारों में इसकी अहम भूमिका रही है. उन्होंने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों के लिए शुरू की गई योजनाओं का उल्लेख किया. सैलून संचालकों को किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज को कारपेंट्री किट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल का भी जिक्र किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज की मौजूदा जरूरतों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी.

कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को सेन समाज के लिए गौरव बताया. उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया. प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक हुनर से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल रही हैं. उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की.
सरकार की योजनाओं से विकास का दावा
मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, धान खरीदी और महतारी वंदन योजना का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है. इसके अलावा रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या भेजने, भूमिहीन कृषि मजदूरों को सहायता देने और युवाओं के लिए सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही.
सोलर, बिजली बिल और ऑनलाइन सेवाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने बिजली बिल समाधान योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की. उन्होंने बताया कि प्रदेश में हजारों घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं. इसके साथ ही सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होने की जानकारी दी. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उसके समाधान की व्यवस्था की गई है.
सेन समाज के युवाओं को बांटी गई किट
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज की सामाजिक भूमिका और योगदान की सराहना की. उन्होंने गौरीशंकर श्रीवास और विधायक रिकेश सेन के समाज हित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया. मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं के कौशल विकास के लिए नए प्रशिक्षण अवसर बढ़ाने की बात कही. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित सेन समाज के युवाओं को किट वितरित की. समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में सेन समाज के लोग मौजूद रहे.


