CG News: 54 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा सरकारी बोर्डिंग स्कूल, 700 छात्रों के लिए होगी सुविधा
CG News: नवा रायपुर के सेक्टर-32 में निर्माणाधीन सरकारी इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल का काम नवंबर तक पूरा होने की संभावना है, करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस आवासीय विद्यालय पर 54 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, निर्माण पूरा होने के बाद कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और आवासीय सुविधाएं मिलेंगी.

संचालन को लेकर फैसले का इंतजार
स्कूल किस शिक्षा बोर्ड के तहत संचालित होगा, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, इसके अलावा शिक्षकों की नियुक्ति, प्रवेश प्रक्रिया और संचालन व्यवस्था को लेकर भी सरकार को जल्द फैसला करना होगा, ताकि भवन तैयार होने के बाद विद्यालय को शुरू किया जा सके.
चार साल से चल रहा निर्माण कार्य
इस इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूल को वर्ष 2023 से शुरू करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण यह लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया, कांग्रेस शासनकाल में परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में 26 करोड़ रुपए जारी किए गए थे, बाद में वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद काम दोबारा शुरू हुआ.
दो चरणों में विकसित हो रही परियोजना
परियोजना का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है, पहले चरण में एकेडमिक भवन, प्रयोगशालाएं, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, डाइनिंग हॉल, खेल सुविधाएं और अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं, वहीं दूसरे चरण में ऑडिटोरियम, अतिरिक्त छात्रावास और अन्य सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित है.
700 विद्यार्थियों के लिए होगी व्यवस्था
विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया गया कि स्कूल का करीब 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है और अब तक 35.89 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं, विद्यालय में 700 विद्यार्थियों के अध्ययन और 328 विद्यार्थियों के आवास की व्यवस्था रहेगी, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के अनुसार निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा.


