CG News: सावन के पहले सोमवार पर महादेव के दरबार में उमड़े श्रद्धालु, मंदिरों में लंबी कतारें
CG News: आज सावन का पहला सोमवार है, छत्तीसगढ़ के रायपुर, गरियाबंद, सरगुजा, रायगढ़ समेत कई जिलों के शिवालयों में देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं, भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि, आरोग्य और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं.
विशेष पूजा और आकर्षक श्रृंगार का आयोजन
रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर में रात 2 बजे से विशेष पूजा शुरू हुई, यहां शिवलिंग का गणेश स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया, वहीं प्रमुख शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, भस्म चंदन श्रृंगार और विशेष पूजा अर्चना का आयोजन किया गया.
![]()
कांवड़ियों की सेवा में लगे श्रद्धालु
गरियाबंद के भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर सहित कई शिवालयों में कांवड़ियों का तांता लगा हुआ है, जगह जगह भंडारों का आयोजन किया गया है, जहां श्रद्धालुओं को भोजन, फल और पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, मंदिर समितियों ने भी दर्शनार्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं.
ऐतिहासिक मंदिरों में भी उमड़ी आस्था
सरगुजा के ऐतिहासिक देवगढ़ में अर्धनारीश्वर शिव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, वहीं 10वीं शताब्दी के महेशपुर शिव मंदिर में भी सुबह से जलाभिषेक और पूजा अर्चना का सिलसिला जारी है, रायगढ़ और आसपास के शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली.
हर हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर
प्रदेशभर के मंदिरों में हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा, श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर भगवान भोलेनाथ की पूजा की, कई स्थानों पर पार्थिव शिवलिंग बनाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अनुष्ठान भी संपन्न किए गए.




