CG News: गुरु पूर्णिमा पर राष्ट्र सेवा का संकल्प, भगवा ध्वज को गुरु मानकर सेविकाओं ने लिया प्रण
CG News: जशपुरनगर स्थित वनवासी कल्याण आश्रम में शनिवार को राष्ट्र सेविका समिति द्वारा गुरु पूर्णिमा उत्सव का आयोजन किया गया. वनयोगी बाला साहेब देशपांडे स्मारक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सेविकाओं ने भगवा ध्वज को गुरु मानकर राष्ट्र सेवा और समाज उत्थान का संकल्प लिया.

गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में शामिल हुईं प्रमुख हस्तियां
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव और राजा देवशरण जिला अस्पताल की हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. वहीं समिति की बौद्धिक प्रमुख गायत्री देवता ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे.

गुरु के बिना ज्ञान और ज्ञान के बिना जीवन अधूरा
प्रियंवदा सिंह जूदेव ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र सेविका समिति का गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम गुरु और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि सेविकाएं भगवा ध्वज को गुरु मानकर खुद को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करती हैं, यह भावना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है.
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान बेहद ऊंचा माना गया है. गुरु के मार्गदर्शन के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है और ज्ञान के बिना जीवन अधूरा रहता है. इसलिए गुरु के प्रति श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय परंपरा की महत्वपूर्ण भावना है.
गुरु पूर्णिमा से रक्षा बंधन तक चलेगा विशेष अभियान
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्र सेविका समिति हर वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करती है. गुरु पूर्णिमा से लेकर रक्षा बंधन तक समिति की सभी शाखाओं में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, संस्कार और सेवा भावना को मजबूत करने का अभियान चलाया जाता है.
राष्ट्र सेवा और संस्कारों का दिया संदेश
गुरु पूर्णिमा उत्सव के माध्यम से सेविकाओं ने समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और भारतीय संस्कारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गुरु परंपरा और राष्ट्र समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.




