CG News : बिलासपुर में शुरू होगा ‘अन्नपूर्णा’ ग्रेन एटीएम, मशीन से मिलेगा राशन, बढ़ेगी पारदर्शिता
CG News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जल्द ही ‘अन्नपूर्णा’ ग्रेन एटीएम शुरू होने जा रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तैयार किए जा रहे इस प्रोजेक्ट का शनिवार को खाद्य संचालक फरिहा आलम सिद्दीकी ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

लंबी कतारों से मिलेगी राहत, मशीन से मिलेगा राशन
ग्रेन एटीएम शुरू होने के बाद पात्र हितग्राहियों को राशन के लिए लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मशीन आधारित इस व्यवस्था में हितग्राही निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक इससे राशन वितरण प्रक्रिया तेज, आसान और अधिक पारदर्शी होगी।
डिजिटल सिस्टम से घटेगा मानवीय हस्तक्षेप
खाद्य विभाग के अनुसार ग्रेन एटीएम एक स्वचालित खाद्यान्न वितरण प्रणाली है, जिसमें डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे राशन वितरण में गड़बड़ियों पर रोक लगेगी और हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परियोजना को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए।



