CG News : 12वीं हिंदी पेपर लीक पर रायपुर में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की उठी मांग
CG News : दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी विरोध तेज हो गया है। 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में छात्र रायपुर के अंबेडकर चौक पर जुटे और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला।

पेपर लीक पर सख्त कानून और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता खत्म हो रही है और लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए, दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया जाए।
हरिका राव को न्याय की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने री-नीट परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बाद आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की भी मांग की। एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द ठोस कार्रवाई नहीं करती है तो यह आंदोलन पूरे छत्तीसगढ़ में और व्यापक रूप से चलाया जाएगा।


