CG News: राजनांदगांव में 87वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा 16 जुलाई को, भक्ति और श्रद्धा के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा
CG News: संस्कारधानी राजनांदगांव में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की 87 वर्ष पुरानी रथयात्रा इस वर्ष 16 जुलाई को पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी. शहर के गांधी चौक स्थित प्राचीन जगन्नाथ मंदिर से निकलने वाली इस भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. श्रद्धालुओं में भगवान के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है.

सुबह विशेष पूजा, दोपहर में निकलेगी रथयात्रा
रथयात्रा के दिन सुबह 8 बजे से भगवान का विशेष श्रृंगार और वैदिक विधि-विधान से पूजन किया जाएगा. सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण होगा, इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को भव्य रथ पर विराजमान कराया जाएगा और दोपहर 2:30 बजे रथयात्रा का शुभारंभ होगा.
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी भव्य शोभायात्रा
रथयात्रा गांधी चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुरानी हेटरी स्थित श्री राम-जानकी मंदिर पहुंचेगी, पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान का पुष्पवर्षा और आरती से स्वागत करेंगे. भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी.
देवशयनी एकादशी तक श्री राम-जानकी मंदिर में रहेंगे भगवान
आयोजन समिति के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा देवशयनी एकादशी तक श्री राम-जानकी मंदिर में विराजमान रहेंगे, इस दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी. बड़ी संख्या में भक्त दर्शन और प्रसाद का लाभ उठा सकेंगे.
एकादशी पर होगी भगवान की वापसी यात्रा
देवशयनी एकादशी के दिन भगवान पुनः रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे और भव्य शोभायात्रा के साथ अपने मूल मंदिर, गांधी चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर, लौटेंगे, आयोजन समिति और प्रशासन ने रथयात्रा को लेकर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि यह ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो सके.



