CG News: ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान, छत्तीसगढ़ विधानसभा में CM साय सहित विधायकों ने किया पौधारोपण
CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में मंगलवार को हरियाली और मातृ सम्मान का संदेश देखने को मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत विधानसभा परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.

CM साय ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया. उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह मां के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बन चुका है, मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है तो उसका भावनात्मक जुड़ाव उस पौधे से हो जाता है और वह उसकी देखभाल के लिए प्रेरित होता है. यही भावना इस अभियान को सफल और जनभागीदारी वाला बना रही है.
विधानसभा से दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा परिसर में विधायकों द्वारा अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण करना एक प्रेरणादायी पहल है. लोकतंत्र के मंदिर से दिया गया यह संदेश पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाएगा, उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, अनियमित बारिश और जैव विविधता के नुकसान जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है. ऐसे समय में पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरण की सुरक्षा का माध्यम है, उन्होंने कहा कि पेड़ हमें शुद्ध हवा, जल संरक्षण और बेहतर पर्यावरण प्रदान करते हैं. इसलिए हर नागरिक को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करनी चाहिए.
विधायकों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में विधानसभा के सभी सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी माताओं के नाम पर अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए. सभी जनप्रतिनिधियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रदेशवासियों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की, इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे.




