CG News: राजिम नगर पंचायत बनी नगर पालिका, सरकार के फैसले से शहरवासियों में खुशी की लहर
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों को बड़ी सौगात दी है. लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत को अब नगर पालिका में उन्नयन कर दिया गया है. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, नई व्यवस्था के तहत नगर पालिका की सीमाएं फिलहाल वर्तमान नगर पंचायत की सीमाओं के अनुसार ही निर्धारित रहेंगी.
शहर के विकास को मिलेगी नई गति
राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद शहरवासियों में खुशी का माहौल है. सरकार का कहना है कि नगर पालिका बनने से राजिम के सुनियोजित विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे और विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा, नगर पालिका बनने के बाद शहर में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए नए अवसर मिलेंगे.
सड़क, पानी और स्वच्छता जैसी सुविधाओं का होगा विस्तार
उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद राजिम में सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, पेयजल सुविधा, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट, उद्यान और सामुदायिक भवन जैसे शहरी विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, उन्होंने कहा कि बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में नगर पालिका का दर्जा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
सरकारी योजनाओं का मिलेगा ज्यादा प्रभावी लाभ
अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन किया जा सकेगा. इससे योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक अधिक व्यवस्थित और प्रभावी रूप से पहुंच पाएगा, सरकार का दावा है कि यह फैसला राजिम के समग्र विकास, बेहतर प्रशासन और आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा.



