CG News: छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण की नई तस्वीर, संपत्ति पंजीयन में 45% की बड़ी बढ़ोतरी
CG News: छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लागू की गई पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट योजना से महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन में 45 प्रतिशत वृद्धि
पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के आंकड़ों के अनुसार 6 मई 2026 से 30 जून 2026 तक की अवधि में पिछले साल की तुलना में महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है.
वर्ष 2025 में महिलाओं के पक्ष में पंजीकृत विक्रय विलेखों की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 41 प्रतिशत हो गई है. वहीं महिलाओं के नाम पंजीकृत दस्तावेजों की संख्या 14,668 से बढ़कर 21,292 हो गई, जो करीब 45 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है.
50.14 करोड़ रुपये का मिला आर्थिक लाभ
महिलाओं को पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट देने के फैसले से प्रदेश के नागरिकों को लगभग 50.14 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिला है. इस पहल से महिलाओं के नाम संपत्ति स्वामित्व को बढ़ावा मिला है और परिवारों को भी आर्थिक राहत मिली है.
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं के नाम संपत्ति होना केवल आर्थिक सुरक्षा का विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सम्मान और निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत करता है, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी योजनाओं और नीतियों को प्राथमिकता दे रही है, जिनसे महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और प्रदेश के विकास में बराबर की भागीदार बन सकें, राज्य के करीब 75 प्रतिशत जिलों में महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन में 20 प्रतिशत से अधिक वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है. जांजगीर-चांपा, बालोद, कोरिया, रायपुर और कांकेर जैसे जिलों में इस योजना का प्रभाव खास तौर पर देखने को मिला है.
संपत्ति स्वामित्व से मजबूत हो रही नारी शक्ति
वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन में बढ़ोतरी सिर्फ आंकड़ों की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक बदलाव का संकेत है, उन्होंने कहा कि जब किसी महिला के नाम संपत्ति होती है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है, परिवार में उसकी भूमिका मजबूत होती है और भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है.
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में अहम उपलब्धि
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार पारदर्शी और नागरिक केंद्रित पंजीयन व्यवस्था बनाने के लिए लगातार सुधार कर रही है. महिलाओं की बढ़ती भागीदारी छत्तीसगढ़ में समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.



