CG News: छत्तीसगढ़ में आदिवासी विकास को नई रफ्तार, CM साय ने बताई सरकार की बड़ी उपलब्धियां
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए. राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास के जनदर्शन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं दीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास को अभूतपूर्व गति मिली है. राज्य सरकार आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास, उनके अधिकारों की रक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है.
आदिवासी समाज के उत्थान में संघ की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक जनजातीय बहुल राज्य है, जहां कई जनजातीय समुदाय अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों के साथ निवास करते हैं. ऐसे में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड का गठन बेहद महत्वपूर्ण है, उन्होंने कहा कि यह संस्था लंबे समय से देशभर में आदिवासी समाज के कल्याण और विकास के लिए काम कर रही है. संघ का इतिहास गौरवपूर्ण रहा है, जिसके प्रथम अध्यक्ष देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद रहे हैं, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने भी इसका नेतृत्व किया था.
बस्तर में विकास की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. आज बस्तर विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है. यहां सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, उन्होंने कहा कि बस्तर अब पर्यटन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को देखने के लिए देश और दुनिया से पर्यटक पहुंच रहे हैं. स्थानीय होमस्टे के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है.
नियद नेल्लानार योजना से गांवों तक पहुंचा विकास
CM साय ने कहा कि पिछले कई दशकों से बस्तर के कई क्षेत्र विकास से दूर रहे थे. वर्तमान सरकार ने ऐसे गांवों का सर्वे कर विकास कार्यों को गति दी है, उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के तहत 500 से अधिक गांवों में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं. इसके साथ ही लोगों के राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं, नई उचित मूल्य दुकानों की शुरुआत हुई है और सरकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है.
स्वास्थ्य और योजनाओं का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना के तहत घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है. इससे दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को समय पर इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, उन्होंने बताया कि बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों तक सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है.
संस्कृति संरक्षण के साथ विकास सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों का संरक्षण करते हुए उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और आर्थिक अवसरों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है, उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ का छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड आदिवासी समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और जनजातीय उत्थान के प्रयासों को नई दिशा देगा.



