CG News: बालोद में आधुनिक खेती की नई मिसाल, पैडी ट्रांसप्लांटर से किसानों को मिली धान रोपाई में बड़ी राहत
CG News: छत्तीसगढ़ में खेती को आधुनिक और आसान बनाने के लिए किसान अब नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम भरदाकला में पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से धान की रोपाई कर किसान नई मिसाल पेश कर रहे हैं। आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से समय और मेहनत की बचत हो रही है, साथ ही फसल की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
मशीन से कम समय में पूरी हुई रोपाई
भरदाकला के किसान और सरपंच क्रांति भूषण साहू ने अपने खेतों में पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन का उपयोग किया है। उन्होंने बताया कि पहले मजदूरों के जरिए धान की रोपाई में 20 से 25 दिन तक का समय लग जाता था, लेकिन मशीन की मदद से यह काम कम समय में व्यवस्थित तरीके से पूरा हो गया।
सीधी कतारों में रोपाई से बढ़ेगी फसल की गुणवत्ता
पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से धान के पौधों की रोपाई निश्चित दूरी और सीधी कतारों में होती है। इससे पौधों को पर्याप्त जगह मिलती है और फसल का विकास बेहतर होता है। इसके अलावा निंदाई, गुड़ाई और अन्य कृषि कार्य भी आसान हो जाते हैं।
मजदूरों की कमी की समस्या का समाधान
किसान क्रांति भूषण साहू ने बताया कि खेती के सीजन में मजदूरों की कमी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे समय में आधुनिक कृषि मशीनें किसानों के लिए काफी मददगार साबित हो रही हैं। पैडी ट्रांसप्लांटर से श्रम लागत कम होती है और समय पर खेती का काम पूरा किया जा सकता है।
बड़े रकबे वाले किसानों के लिए फायदेमंद तकनीक
उन्होंने बताया कि शुरुआत में मशीन के लिए ट्रे आधारित नर्सरी तैयार करने में कुछ अतिरिक्त खर्च आता है, लेकिन अधिक क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों के लिए यह तकनीक लंबे समय में ज्यादा लाभदायक साबित होती है, किसान क्रांति भूषण साहू ने अन्य किसानों से भी कृषि में मशीनों और नई तकनीकों को अपनाने की अपील की है। उनका कहना है कि आने वाले समय में कृषि मशीनीकरण खेती को अधिक आसान और लाभकारी बनाएगा।



