CG News: मुख्यमंत्री साय ने किया योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, संजय अग्रवाल ने संभाला योग आयोग अध्यक्ष पद
CG News: रायपुर में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नए अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. इस अवसर पर संजय अग्रवाल ने आयोग के अध्यक्ष का पदभार संभाला.

योग को जीवन का आधार बताया
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है. उन्होंने लोगों से अपील की कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें ताकि समाज अधिक स्वस्थ और जागरूक बन सके.
नए अध्यक्ष को मिली जिम्मेदारी
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल को पदभार सौंपा गया. मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य में योग के प्रचार-प्रसार को नई दिशा और गति मिलेगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को केवल शहरों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे गांवों, स्कूलों और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं.
योग और आयुर्वेद पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की योग परंपरा को आज वैश्विक पहचान मिली है. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए आयुष क्षेत्र में विस्तार की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, कार्यक्रम में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया. सभी ने मिलकर राज्य में योग को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया.
