CG News: जांजगीर-चांपा के सोठी आश्रम में मुख्यमंत्री साय, सेवा और पुनर्वास मॉडल की सराहना
CG News: जांजगीर-चांपा जिले के सोठी (कात्रेनगर) स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दौरा किया. इस दौरान उन्होंने आश्रम की सेवा गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली और लंबे समय से चल रहे सेवा कार्यों की सराहना की.
![]()
आश्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत और पूजा-अर्चना
आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया. उन्होंने परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. इसके साथ ही उन्होंने आश्रम के संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित की और एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आश्रम केवल एक चिकित्सा केंद्र नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सेवा का जीवंत उदाहरण है. यहां कुष्ठ रोगियों को उपचार के साथ-साथ सम्मान और आत्मनिर्भरता का जीवन देने का प्रयास किया जा रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है.

पुनर्वास और आत्मनिर्भरता पर जोर
आश्रम में रोगियों को निःशुल्क उपचार, भोजन, आवास और वस्त्र के साथ-साथ कौशल विकास प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से रोगियों को आत्मनिर्भर बनाना सबसे बड़ी सेवा है. यहां जैविक खेती, हस्तकला और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, मुख्यमंत्री ने आश्रम स्थित चिकित्सालय का निरीक्षण किया. उन्होंने ओपीडी, लैब, आईसीयू और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली. साथ ही कैंसर स्क्रीनिंग और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर की भी समीक्षा की, जहां सैकड़ों लोगों की जांच की गई.
छह दशक की सेवा पर मिली सराहना
करीब छह दशकों से चल रही इस संस्था ने हजारों मरीजों के जीवन में बदलाव लाया है. यहां न केवल चिकित्सा, बल्कि शिक्षा, प्रशिक्षण और सामाजिक पुनर्वास पर भी काम किया जा रहा है. इसे एक समग्र सेवा मॉडल के रूप में देखा जा रहा है, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है और अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, सम्मान और विकास पहुंचाना प्राथमिकता है. उन्होंने ऐसे संस्थानों को सरकार और समाज के बीच मजबूत सेतु बताया.
