CG News: रायपुर में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन और सहकार संकल्प दौड़ का आयोजन, सीएम साय होंगे मुख्य अतिथि
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 3 और 4 जुलाई को राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप इसकी अध्यक्षता करेंगे.

सहकारिता को नई दिशा देने का उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, किसानों और सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाना और “सहकार से समृद्धि” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है. कार्यक्रम में प्रदेशभर से सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, किसान और विशेषज्ञ शामिल होंगे.
3 जुलाई को होगी सहकार संकल्प दौड़
सहकारिता सप्ताह के तहत 3 जुलाई की सुबह रायपुर के मरीन ड्राइव तेलीबांधा में सहकार संकल्प दौड़ आयोजित की जाएगी. इसका उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सहकारिता के संदेश को व्यापक रूप से फैलाना है.
दो दिवसीय सम्मेलन में होगी विस्तृत चर्चा
3 और 4 जुलाई को कृषि मंडपम ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में यह सम्मेलन आयोजित होगा. इसमें सहकारी नीतियों, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा, इस आयोजन में अपेक्स बैंक, राज्य सहकारी संघ, मार्कफेड, लघु वनोपज संघ, हाथकरघा संघ, अन्त्यावसायी निगम सहित कई सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे.
ग्रामीण विकास पर रहेगा फोकस
सहकारिता विभाग का मानना है कि यह आयोजन किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इससे सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
