CG News: छत्तीसगढ़ के कलाकारों के लिए सुनहरा मौका, सांस्कृतिक आयोजनों हेतु 15 जुलाई तक आवेदन
CG News: छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा ने वर्ष 2026-27 के वार्षिक सांस्कृतिक आयोजनों के लिए कलाकारों और सांस्कृतिक दलों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित कलाकारों को राज्य स्तरीय आयोजनों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इन सांस्कृतिक आयोजनों के लिए होगा चयन
संस्कृति विभाग द्वारा वर्षभर आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों के लिए कलाकारों का चयन किया जाएगा। इनमें पावस प्रसंग (शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य), रंगतरंग वाद्ययंत्र संगम, रंगपरब नाट्य श्रृंखला और लोकरंग पर्व जैसे सांस्कृतिक आयोजन शामिल हैं।

लोककलाओं से जुड़े कलाकारों को प्राथमिकता
लोकरंग पर्व के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाओं और लोकविधाओं से जुड़े कलाकारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। भरथरी, पंडवानी, ढोलामारू, लोरिकचंदा, नाचा, गम्मत, सुआ, करमा, पंथी, बांसगीत, देवारगीत, ददरिया, जसगीत, संस्कार गायन सहित अन्य पारंपरिक लोक विधाओं में दक्ष कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
चिन्हारी पंजीकरण होना जरूरी
आवेदन करने वाले कलाकारों और सांस्कृतिक दलों के लिए चिन्हारी पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। समूह प्रस्तुतियों के इच्छुक कलाकार निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं, इच्छुक कलाकार अपने आवेदन संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा, सेक्टर-27, नवा रायपुर स्थित कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग ने ई-मेल के माध्यम से भी आवेदन भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई है।
15 जुलाई है आवेदन की अंतिम तिथि
संस्कृति विभाग ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की है। विभाग ने प्रदेश के कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं से समय सीमा के भीतर आवेदन कर इन प्रतिष्ठित आयोजनों का हिस्सा बनने की अपील की है।
लोक संस्कृति को मिलेगा नया मंच
इन आयोजनों का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोक एवं शास्त्रीय कला परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाना है।
