CG News: सेवा सेतु पोर्टल बना ग्रामीणों का सहारा, घर बैठे मिला जाति प्रमाण पत्र और रोजगार का अवसर
CG News: छत्तीसगढ़ में सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिक अब कई महत्वपूर्ण शासकीय सेवाओं का लाभ घर बैठे प्राप्त कर रहे हैं। इससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर कम हुए हैं और लोगों का समय व धन दोनों बच रहे हैं।
जाति प्रमाण पत्र के लिए खत्म हुई भागदौड़
रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के ग्राम भाठनपाली निवासी अजय कुमार प्रधान लंबे समय से स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रयास कर रहे थे। पारंपरिक प्रक्रिया में बार-बार कार्यालय जाने के बावजूद उनका काम पूरा नहीं हो पा रहा था, जिससे उन्हें कई अवसरों से भी वंचित होना पड़ रहा था, सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया। निर्धारित समय के भीतर उनका आवेदन स्वीकृत हुआ और उन्हें स्थायी जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। इससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया।
रोजगार के अवसर भी हुए आसान
प्रमाण पत्र मिलने के बाद अजय कुमार प्रधान ने रोजगार सहायक पद के लिए आवेदन किया। उनका कहना है कि डिजिटल माध्यम से सेवाएं मिलने के कारण अब सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ी हैं, अजय अब अपने गांव के अन्य लोगों को भी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वे ग्रामीणों को जाति, आय, निवास और अन्य प्रमाण पत्रों के लिए डिजिटल माध्यम से आवेदन करने की जानकारी दे रहे हैं, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।
गांव-गांव तक पहुंच रही डिजिटल सेवाएं
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं की पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों तक मजबूत हुई है। आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखने की सुविधा और समयबद्ध सेवा वितरण ने नागरिकों का भरोसा बढ़ाया है, डिजिटल तकनीक के उपयोग से प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बन रही हैं। इससे नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं और शासन तथा जनता के बीच विश्वास का रिश्ता भी मजबूत हो रहा है।
