CG News: नक्सलियों के गढ़ में लोकतंत्र की दस्तक, किसकोड़ो में डिप्टी CM विजय शर्मा ने लगाई जनचौपाल
CG News: उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड स्थित ग्राम किसकोड़ो में एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला। जिस स्थान को कभी नक्सली गतिविधियों का प्रमुख केंद्र माना जाता था, वहीं अब लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास की नई शुरुआत दिखाई दे रही है। गांव में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के सामने रखे।

ग्रामीणों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री
जनचौपाल के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर आसपास की कई पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों की मांग रखी, ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, विद्युत व्यवस्था सुधारने, खाद भंडारण केंद्र स्थापित करने, स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क संपर्क बेहतर बनाने जैसे मुद्दे उठाए। अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए क्षेत्रीय सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

आदर्श ग्राम के रूप में विकसित होगा क्षेत्र
प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए कि गांव के समग्र विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा, जनचौपाल के दौरान कई ग्रामीण भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल था। शाम होने के बाद लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता था। अब स्थिति बदल चुकी है और लोग विकास तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा जता रहे हैं।
जैविक खेती और रोजगार पर भी जोर
ग्रामीणों को जैविक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्थानीय उत्पादों की पहचान बढ़ाने, ब्रांडिंग करने और लघु वनोपज प्रसंस्करण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों की आय बढ़ाना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है, कभी नक्सल प्रभाव के लिए पहचाना जाने वाला यह क्षेत्र अब विकास, विश्वास और जनभागीदारी की नई मिसाल बनने की ओर बढ़ रहा है। ग्रामीणों का उत्साह और प्रशासन की सक्रियता इस बदलाव को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

