CG News: छत्तीसगढ़ की बेटी महक नरवासे बनीं U-19 भारतीय टीम की उपकप्तान, मुख्यमंत्री ने किया सम्मान
CG News: रायपुर में राजनांदगांव की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान बनाए जाने पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।

छत्तीसगढ़ की बेटी को मिला राष्ट्रीय सम्मान
महक नरवासे का चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान के रूप में हुआ है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महक नरवासे को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की।
राज्य के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि महक की सफलता पूरे छत्तीसगढ़, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियां आज विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देने के लिए लगातार काम कर रही है। महक का चयन प्रदेश के खेल विकास का उदाहरण है।
उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने महक को प्रोत्साहित करते हुए कहा—“खूब खेलो, आगे बढ़ो और नई ऊंचाइयों को छुओ।” उन्होंने विश्वास जताया कि महक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी, इस अवसर पर महक के पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

