CG News: अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से श्रमिक बच्चों को बड़ा तोहफा, निजी स्कूलों में मिलेगा निःशुल्क दाखिला
CG News: श्रम विभाग के सचिव सह श्रमायुक्त श्री हिमशिखर गुप्ता ने मंत्रालय (महानदी भवन) में विभागीय कामकाज की विस्तृत समीक्षा की, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और श्रम मंत्री श्री लखन देवांगन के मार्गदर्शन में श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना पर विशेष जोर
बैठक के दौरान सचिव ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए, इस योजना के तहत पात्र श्रमिक परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में निःशुल्क दाखिला दिया जाएगा, सरकार ने नए शैक्षणिक सत्र से सीटों की संख्या बढ़ाकर 100 से 200 कर दी है, जिससे अधिक बच्चों को लाभ मिलेगा।
श्रमिक बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
इस योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक श्रेष्ठ आवासीय एवं निजी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी, इसका पूरा खर्च श्रम विभाग द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे गरीब एवं श्रमिक वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।
अपात्र लाभार्थियों पर सख्त कार्रवाई
श्रमायुक्त श्री गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों को ही मिले, यदि किसी भी जिले में अपात्र व्यक्ति को लाभ देने या अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो संबंधित श्रम अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, बैठक में श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया, इसके साथ ही ठेकेदारों के लाइसेंस और कार्यरत श्रमिकों की संख्या के मिलान की जांच करने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, जिनमें शामिल हैं—
• मिनी माता महतारी जतन योजना
• मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना
• मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना
• शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना
• निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना
• असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना
• लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत सेवाएं
कल्याण मंडलों की भूमिका
प्रदेश में श्रमिकों के कल्याण हेतु विभिन्न मंडलों का गठन किया गया है, जिनमें शामिल हैं,
• छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल
• छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल
• छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल
ये सभी मंडल श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करते हैं।



