CG News: छत्तीसगढ़ में पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार, 500 करोड़ निवेश की तैयारी
CG News: छत्तीसगढ़ में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 500 करोड़ रुपये निवेश की तैयारी है। इससे पर्यटन सुविधाएं मजबूत होंगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में आगे बढ़ा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार पर्यटन को उद्योग का दर्जा देकर निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पर्यटन विकास और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति बनेगी पहचान
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा से भरपूर राज्य है। यहां नदियां, पहाड़, घने जंगल, जलप्रपात और समृद्ध आदिवासी संस्कृति राज्य को विशेष पहचान देते हैं। सरकार का उद्देश्य राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता को देश-दुनिया तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बेहतर पर्यटन सुविधाओं और आधुनिक अधोसंरचना के विकास से छत्तीसगढ़ को आकर्षक पर्यटन केंद्र बनाया जा सकता है।
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ निवेश की तैयारी
बैठक के दौरान इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में करीब 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना साझा की। कंपनी ने बताया कि इस निवेश से होटल, आवास और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे राज्य में पर्यटन अधोसंरचना मजबूत होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
निवेशकों को विशेष प्रोत्साहन और सुविधाएं
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए सरल और पारदर्शी व्यवस्था तैयार की है। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश या 1000 लोगों को रोजगार देने वाले निवेशकों को ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत विशेष लाभ दिए जाएंगे। साथ ही सड़क संपर्क, आवासीय सुविधाएं और पर्यटक सेवाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



