CG News: रायपुर में सजेगी आमों की दुनिया, राष्ट्रीय आम महोत्सव में दिखेंगी 250 से ज्यादा किस्में
CG News: रायपुर में 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय आम महोत्सव आयोजित होगा। इसमें 250 से अधिक आम की किस्में, प्रतियोगिताएं, तकनीकी सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
तीन दिनों तक आममय रहेगा रायपुर
रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य आम उत्पादन, प्रसंस्करण और आम आधारित उत्पादों को बढ़ावा देना है। महोत्सव का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल श्री रमेन डेका करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय इसकी अध्यक्षता करेंगे।
देशी-विदेशी आम की दुर्लभ किस्में होंगी आकर्षण
राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की 250 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें दशहरी, लंगड़ा, चौसा, केसर, अलफांसो, नीलम और फजली जैसी लोकप्रिय किस्मों के साथ मियाजाकी और टॉमी एटकिन्स जैसी विदेशी किस्में भी शामिल रहेंगी। आम के उन्नत पौधे और फल आम लोगों के लिए बिक्री हेतु उपलब्ध रहेंगे।
प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम बनाएंगे खास
महोत्सव में आम आधारित व्यंजन प्रतियोगिता, आम सजावट, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस और बोनसाई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी, महिलाएं और आम नागरिक इसमें भाग ले सकेंगे। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय आम से बनने वाले विशेष व्यंजन बनाना सिखाएंगी। इसके अलावा हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
किसानों और युवाओं को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन
30 मई को आम उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन पर तकनीकी सत्र आयोजित किया जाएगा। विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक तकनीक, उत्पादन बढ़ाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। आयोजन का उद्देश्य आम उत्पादन को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना तथा नई पीढ़ी को इस क्षेत्र की ओर आकर्षित करना है। महोत्सव में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।


