CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना को मिली नई रफ्तार, छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों को मिली करोड़ की मंजूरी
CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों को ₹10,021 करोड़ की मंजूरी मिली है। इससे ग्रामीण गरीब परिवारों के पक्के घर के सपनों को नई गति मिलेगी।
पीएम आवास योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने जताया स्वाग
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों को ₹10,021 करोड़ से अधिक की मदर सैंक्शन जारी किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे गरीब कल्याण और अंत्योदय के संकल्प को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर गरीब को पक्का घर’ का सपना तेजी से साकार हो रहा है।
गरीब परिवारों को मिलेगा सम्मान और सुरक्षा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल घर बनाने की योजना नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन देने वाली परिवर्तनकारी पहल है। पक्का घर हर परिवार के लिए सुरक्षित भविष्य और सामाजिक गरिमा का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि इस योजना से हजारों ग्रामीण परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा होगा।
डबल इंजन सरकार गरीबों के साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गांव, गरीब और वंचित परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश के गरीब परिवारों के जीवन में स्थायी बदलाव लाने का काम और तेजी से आगे बढ़ेगा।


