CG News: बिहान योजना की सफलता: अमरपुर की निधि तिवारी बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, कलेक्टर ने की सराहना
CG News: छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के ग्राम अमरपुर की निधि तिवारी आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।
समूह से जुड़कर बदली जिंदगी
निधि तिवारी वर्ष 2023 में दीप महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ीं और यहीं से आत्मनिर्भरता की यात्रा शुरू हुई। वे समूह की सक्रिय सदस्य होने के साथ-साथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं, जिससे उनका नेतृत्व कौशल भी विकसित हुआ, समूह से जुड़ने के बाद निधि को बिहान योजना के तहत 10 हजार रुपये की चक्रीय निधि (आरएफ) मिली। इस सहायता से उन्होंने जर्सी नस्ल की गाय खरीदी और पशुपालन शुरू किया। वर्तमान में उनकी गाय प्रतिदिन लगभग 15 लीटर दूध देती है, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है।
सब्जी खेती से बढ़ी कमाई
इसके बाद उन्हें 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) मिली, जिससे उन्होंने सब्जी खेती शुरू की। टमाटर सहित मौसमी सब्जियों की खेती से वे स्थानीय बाजार में लगभग 40 रुपये प्रति किलो की दर से बिक्री कर रही हैं। पशुपालन और खेती मिलाकर उनकी वार्षिक आय लगभग ढाई लाख रुपये तक पहुंच गई है, निधि तिवारी ने बताया कि बिहान योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। अब वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को भी पूरा कर रही हैं।
प्रशासन की सराहना
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने स्वयं उनके कार्यस्थल का निरीक्षण कर पशुपालन और सब्जी उत्पादन की सराहना की। वहीं जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने कहा कि बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए नई उम्मीद और आत्मविश्वास का माध्यम बन रही है, यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाएं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें सम्मान और समृद्धि की नई पहचान दे रही हैं, जिससे गांवों की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है।



