CG News: सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री साय पहुंचे कोसरंगी, स्वामित्व योजना के पट्टे बांटे
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत रायपुर जिले के आरंग विकासखंड स्थित ग्राम कोसरंगी में चौपाल लगाकर ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को पट्टे वितरित कर संपत्ति का वैधानिक अधिकार सौंपा।
स्वामित्व योजना से मिलेगा कानूनी अधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीणों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के जरिए आबादी भूमि और संपत्ति का आधिकारिक रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अपनी जमीन और मकान पर कानूनी अधिकार मिल रहा है, उन्होंने कहा कि संपत्ति का वैधानिक अधिकार मिलने से ग्रामीणों को बैंक ऋण लेने और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
छह हितग्राहियों को सौंपे पट्टे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छह हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के पट्टे वितरित किए। पट्टा मिलने के बाद ग्रामीणों ने सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उनका भविष्य अधिक सुरक्षित हो गया है।
बिहान समूह की महिलाओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने इसके बाद ग्राम कोसरंगी में संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” के आजीविका सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने महिला समूहों से बातचीत कर उनके रोजगार और आय संबंधी कार्यों की जानकारी ली।
हल्दी-मिर्ची प्रसंस्करण से बढ़ रही आय
समूह की अध्यक्ष गीता वर्मा ने बताया कि केंद्र में हल्दी-मिर्ची प्रसंस्करण, गेहूं पिसाई और धान बीज क्रय-विक्रय जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को नियमित आय मिल रही है, मुख्यमंत्री ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बिहान जैसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
“गांव-गांव पहुंच रही सरकार”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के जरिए शासन और प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।




