CG News: छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा आदेश, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, पैनिक खरीदारी न करने की अपील
CG News: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने साफ किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। खाद्य विभाग के मुताबिक प्रदेश के 2516 पेट्रोल-डीजल पंपों पर 22 मई 2026 तक 4.35 करोड़ लीटर पेट्रोल और 8.15 करोड़ लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है।
लगातार हो रही ईंधन की सप्लाई
सरकार के अनुसार राज्य में पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति जारी है। 21 मई को ही 32.52 लाख लीटर पेट्रोल और 57.60 लाख लीटर डीजल की सप्लाई मिली है। लखौली, मंदिर हसौद और गोपालपुर स्थित ऑयल डिपो से जिलों को मांग के अनुसार ईंधन भेजा जा रहा है, रबी फसल कटाई और खरीफ सीजन की तैयारियों के चलते डीजल की मांग में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी तरह की कमी न हो।
ड्रम-जेरीकेन में बिक्री पर रोक
राज्य शासन ने 22 मई को जारी आदेश में सभी पेट्रोल-डीजल पंपों पर ड्रम, बोतल और जेरीकेन में ईंधन बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी है। आदेश का उल्लंघन करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी, हालांकि किसानों, सरकारी निर्माण कार्यों और अस्पताल, मोबाइल टावर जैसी अत्यावश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। ऐसे मामलों में अनुविभागीय अधिकारी की अनुमति और सुरक्षा मानकों के पालन के बाद ईंधन दिया जा सकेगा।
सरकार की अपील- अफवाहों से बचें
खाद्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों के चलते पैनिक खरीदारी न करें। सरकार ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।



