CG News: गर्मियों की छुट्टियों में बस्तरवासियों का बदला ट्रैवल ट्रेंड, धार्मिक और हिल स्टेशन टूर पैकेज की बढ़ी मांग
CG News: गर्मियों की छुट्टियों की शुरुआत होते ही बस्तर में सैर-सपाटे का उत्साह तेजी से बढ़ने लगा है। पहले लोग सीमित बजट और लंबी दूरी की परेशानियों के कारण आसपास के पर्यटन स्थलों तक ही सीमित रहते थे, लेकिन अब देश के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं।
अयोध्या बनी पहली पसंद
इस बार बस्तरवासियों की पहली पसंद धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल बन गए हैं। खासकर अयोध्या के लिए लोगों में सबसे ज्यादा उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा बनारस, प्रयागराज और दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए भी पूछताछ बढ़ गई है।
शिमला-मनाली और श्रीनगर की बढ़ी डिमांड
ठंडे और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में श्रीनगर, शिमला, कुल्लू-मनाली, जम्मू और वैष्णो देवी यात्रा के पैकेज लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। ट्रेवल एजेंसियों के अनुसार दिल्ली-शिमला-मनाली और दिल्ली-जम्मू-वैष्णो देवी-श्रीनगर पैकेज की सबसे ज्यादा मांग है।
गंगटोक और नाथुला पास भी पसंदीदा
कोलकाता-गंगटोक-दर्जिलिंग और नाथुला पास टूर पैकेज के लिए भी लगातार बुकिंग बढ़ रही है। इसके अलावा सिक्किम और उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों के लिए भी लोग रुचि दिखा रहे हैं।
कोरोना काल के बाद बदला ट्रेंड
टूर ऑपरेटरों का कहना है कि कोरोना काल के बाद लोगों की सोच में बड़ा बदलाव आया है। पहले लोग स्थानीय पर्यटन स्थलों तक सीमित रहते थे, लेकिन अब नई जगहों और संस्कृतियों को करीब से देखने की इच्छा बढ़ी है।
देशभर के पर्यटन स्थलों की बढ़ी लोकप्रियता
इस बार लोगों की पसंदीदा डेस्टिनेशन लिस्ट में जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख, कुल्लू-मनाली, गोवा, रोहतांग पास, जयपुर, अयोध्या, पुरी, केरल, ऊटी, नैनीताल, रानीखेत और माउंट आबू जैसे स्थान शामिल हैं।
लोग अब अनुभवों पर कर रहे खर्च
टूरिस्ट एडवाइजर शैलेश अग्रवाल के अनुसार, अब बस्तर के लोग घूमने-फिरने और नई जगहों को एक्सप्लोर करने पर खर्च करना पसंद कर रहे हैं। पहले लोग बचत को प्राथमिकता देते थे, लेकिन अब अनुभवों और यात्रा को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है।



