CG News: विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना में धमतरी बना मॉडल जिला, चना खरीदी में बनाया कीर्तिमान
CG News: छत्तीसगढ़ का धमतरी जिला अब कृषि और भंडारण व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है, “विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना” के तहत जिले ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, धमतरी ने अब तक प्रदेश में हुई कुल चना खरीदी का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा अकेले खरीदा है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
चार समितियों में बनेंगे बड़े आधुनिक गोदाम
योजना के तहत NCCF रायपुर द्वारा जिले की चार प्रमुख PACS समितियों को गोदाम निर्माण के लिए स्वीकृति दी गई है। इनमें अंवरी, कोसमर्रा, पोटियाडीह (अमदी) और कोलियारी समितियां शामिल हैं। यहां 2500-2500 मीट्रिक टन क्षमता वाले अत्याधुनिक गोदाम बनाए जाएंगे, जहां वैज्ञानिक तरीके से चने का भंडारण किया जाएगा।

चना खरीदी में धमतरी का दबदबा
धमतरी जिले ने अब तक लगभग 97 हजार क्विंटल चने की खरीदी पूरी कर ली है। प्रारंभिक लक्ष्य 1 लाख क्विंटल रखा गया था, लेकिन खरीदी अभी भी जारी है और लक्ष्य पार होने की संभावना जताई जा रही है। पूरे प्रदेश में हुई चना खरीदी का लगभग आधा हिस्सा अकेले धमतरी जिले से होना प्रशासनिक सक्रियता और किसानों की मेहनत का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
किसानों को मिलेगा सीधा फायदा
इस योजना से किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और अनाज की बर्बादी पर रोक लगेगी। गांव स्तर पर भंडारण व्यवस्था विकसित होने से परिवहन लागत भी कम होगी और किसानों को अपनी फसल सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
प्रशासन तेजी से कर रहा तैयारी
योजना को आगे बढ़ाने के लिए एग्रीमेंट और एमओयू की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए NCCF मुख्यालय नई दिल्ली, आरसीएस अधिकारियों और PACS प्रबंधकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक की तैयारी भी की जा रही है।
अनाज भंडारण योजना?
भारत सरकार ने 31 मई 2023 को इस योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य गांवों में PACS समितियों के माध्यम से भंडारण, प्रोसेसिंग यूनिट और कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करना है, ताकि किसानों को गांव में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें। धमतरी की यह उपलब्धि अब प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।



