CG News: नारायणपुर में ‘सुषासन एक्सप्रेस’ से बदली तस्वीर, दूरस्थ गांवों तक पहुंचीं सरकारी सेवाएं
CG News: नारायणपुर जिले के दूरस्थ और दुर्गम गांवों में अब सरकारी सेवाएं लोगों के दरवाजे तक पहुंच रही हैं। ‘सुषासन एक्सप्रेस’ नाम की इस अनूठी पहल ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच की दूरी को कम कर दिया है।
क्या है सुषासन एक्सप्रेस?
कलेक्टर नम्रता जैन के नेतृत्व में शुरू की गई यह मोबाइल सेवा जनवरी 2026 में लॉन्च हुई थी। यह एक चलित सेवा केंद्र है, जिसमें अधिकारी और डेटा ऑपरेटर गांव-गांव जाकर कैंप लगाते हैं और मौके पर ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
हजारों लोगों को मिला लाभ
जनवरी से 23 अप्रैल 2026 तक इस पहल के तहत:
• 1,951 आधार कार्ड जारी
• 10,682 आधार अपडेट
• 259 आयुष्मान कार्ड
• 306 श्रमिक कार्ड
• 514 राशन कार्ड
• 676 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र
• 168 जाति प्रमाण पत्र
• 104 आय प्रमाण पत्र
• 63 निवास प्रमाण पत्र
इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि, पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड और चुनावी पंजीकरण सेवाएं भी दी गईं।
दुर्गम गांवों तक पहुंची सुविधा
झरावाही, कंदकाड़ी, कोरगे, पांगुड़, मधोनार, रायनार, कोरेंदा, तोयनार और छिनारी जैसे गांव, जो पहले पहुंच से दूर थे, अब इस योजना के जरिए सीधे प्रशासन से जुड़ गए हैं,. कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि एक दैनिक मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है, जिससे हर आवेदन की स्थिति पर नजर रखी जाती है और सेवाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “सुषासन एक्सप्रेस हमारी उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसमें हर नागरिक तक बिना किसी बाधा के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य है, घने जंगलों, पहाड़ी इलाकों और सुरक्षा चुनौतियों के बीच नारायणपुर में प्रशासन के लिए काम करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे में ‘सुषासन एक्सप्रेस’ जैसी पहलें गांव-गांव तक शासन पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं।



