CG News: नारायणपुर के सुदूर लंका गांव में सुशासन की नई मिसाल, विकास और सेवाओं का सीधा लाभ ग्रामीणों तक
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड स्थित सुदूर लंका गांव में पहली बार जिला स्तरीय प्रशासनिक शिविर का आयोजन किया गया। यह पहल सुशासन और विकास की नई मिसाल बनकर सामने आई है।
कठिन रास्तों को पार कर गांव तक पहुंची टीम
जिला मुख्यालय से लगभग 130 किलोमीटर दूर स्थित लंका गांव, जो इन्द्रावती नदी और पहाड़ियों से घिरा हुआ है, वहां प्रशासन की टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को पार कर ग्रामीणों तक पहुंच बनाई। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और समाधान किया गया।

सुशासन एक्सप्रेस बनी ग्रामीणों के लिए वरदान
शिविर का प्रमुख आकर्षण “सुशासन एक्सप्रेस” रहा, जो वाई-फाई युक्त मोबाइल सेवा वाहन है। इसके माध्यम से आधार कार्ड, जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र सहित 27 प्रकार के दस्तावेज मौके पर ही तैयार किए गए, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
17,520 आवेदनों का अब तक त्वरित निराकरण
सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से अब तक कुल 17,520 आवेदनों का त्वरित समाधान किया जा चुका है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
शिविर में 310 आवेदन
दो दिवसीय शिविर में लंका सहित आसपास के पांच गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कुल 310 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 242 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। प्रमुख रूप से किसान, मनरेगा और राशन से जुड़े मामले शामिल रहे।
किसानों और जरूरतमंदों को मिला सीधा लाभ
शिविर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े आवेदनों का तेजी से समाधान किया गया। इससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिला।
‘नियद नेल्लानार’ योजना से बदल रहा अबूझमाड़
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत ऐसे शिविर अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में शासन की मजबूत उपस्थिति का प्रमाण हैं। इससे ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास बढ़ रहा है और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
