CG News: छत्तीसगढ़ में भोरमदेव जंगल सफारी की शुरुआत, 35 किमी लंबे रूट पर मिलेगा एडवेंचर का अनुभव
CG News: छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक नया और रोमांचक अध्याय जुड़ने जा रहा है। भोरमदेव अभयारण्य के घने जंगल अब एडवेंचर और नेचर प्रेमियों के लिए बड़ा आकर्षण बनने जा रहे हैं, जहां जल्द ही जंगल सफारी शुरू की जाएगी।
35 किलोमीटर का सफारी रूट
करीब 352 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस अभयारण्य में 35 किलोमीटर लंबा सफारी रूट तैयार किया गया है। यह सफर केवल जंगल देखने का नहीं, बल्कि रोमांच और प्राकृतिक अनुभव को महसूस करने का होगा।
नदी और वॉटरफॉल का रोमांच
सफारी के दौरान पर्यटकों को एक संकरी नदी को करीब 22 बार पार करना होगा। इसके साथ ही एक सुंदर वॉटरफॉल का नजारा इस यात्रा को और अधिक रोमांचक बना देगा, इस क्षेत्र में टाइगर, तेंदुआ, हाथी, हिरण, नीलगाय, सांभर और वन भैंसा जैसे वन्यजीव पाए जाते हैं, जिससे यह सफारी और भी खास और आकर्षक बन जाती है।
सुविधाएं और व्यवस्था
फिलहाल 3 विशेष सफारी वाहन तैयार किए गए हैं, जिनमें एक वाहन में 6 पर्यटक, एक ड्राइवर और एक गाइड रहेगा। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। करियाआमा गेट पर पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
कब होगा शुभारंभ
सिर्फ सफारी ही नहीं, बल्कि जंगल के बीच कैंपिंग की सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे पर्यटक रातभर जंगल में रुककर अनोखा अनुभव ले सकेंगे, इस जंगल सफारी का भव्य शुभारंभ 27-28 अप्रैल को वन मंत्री केदार कश्यप और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया जाएगा। यह पहल पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
