दूरदर्शन के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘उड़ान’ की प्रसिद्ध अभिनेत्री कविता चौधरी का 67 साल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अभिनेत्री 1980 के दशक में भारत में सर्फ डिटर्जेंट के विज्ञापन में ग्रहणी ‘ललित जी ‘ की भूमिका अदा कर चुकी हैं। दिवंगत अभिनेत्री कविता के भतीजे अजय सयाल ने बताया कि तीन-चार दिन पहले ही उन्हें अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था ,लेकिन उनकी हालत गंभीर थी। कल रात करीब 8:30 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया ।
कविता चौधरी को महिला सशक्तिकरण के बारे में प्रगतिशील शो ‘उड़ान ‘ में आईपीएस अधिकारी ‘कल्याणी सिंह ‘ के किरदार के लिए जाना जाता था। यह शो 1989 और 1991 के बीच दूरदर्शन पर आता था। इस धारावाहिक की कहानी उन्होंने खुद लिखी साथ ही साथ निर्देशन भी उन्होंने ही किया था। यह कहानी उनकी बड़ी बहन, पुलिस अधिकारी कंचन चौधरी भट्टाचार्य के जीवन से प्रेरित थी। कंचन का निधन हो चुका है। कविता चौधरी उनकी छोटी बहन थी।
इस सीरियल की लोकप्रियता इतनी थी कि कोरोना काल में इसे दूरदर्शन पर दोबारा प्रसारित किया गया। इस दौरान एक बार फिर दर्शक अपने पुराने दिनों को याद करते हुए टीवी के सामने बैठकर कविता चौधरी की उड़ान को ढेर सारा प्यार दिया। इस धारावाहिक को दोबारा प्रसारित करने का कारण यह था कि यह अपने समय में बहुत लोकप्रिय धारावाहिक था, इसलिए रामानंद सागर द्वारा निर्मित रामायण के साथ-साथ उड़ान को भी दोबारा प्रसारित किया गया।



