CG News: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दी गई साड़ियों में अनियमितताओं पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिया बयान
CG News: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरित की गई साड़ियों में अनियमितता को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बयान देते हुए कहा कि साड़ियों का वितरण खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से किया गया है और यह कॉटन की साड़ियां हैं, मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि वितरण प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या दोष पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विपक्ष के आरोपों पर पलटवार
विपक्ष द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि वह यह नहीं कहतीं कि पहले के कार्यकाल में भ्रष्टाचार हुआ या नहीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने बेहतर गुणवत्ता की साड़ियां देने का प्रयास किया है, उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब महिलाओं को उपयोगी और पहनने योग्य साड़ियां दी जा रही हैं, जिन्हें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गर्मी में भी आराम से उपयोग कर सकती हैं।
निरीक्षण और महिलाओं की प्रतिक्रिया
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि उन्होंने कुछ आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां कार्यकर्ताओं ने साड़ी की गुणवत्ता को अच्छा बताया और कहा कि यह पहनने में आरामदायक है, उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं भी कॉटन साड़ी पहनती हैं और इस प्रकार की साड़ियों का उपयोग व्यावहारिक रूप से सही है।
क्वालिटी को लेकर सफाई
साड़ी की लंबाई और गुणवत्ता को लेकर उठी शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि जिन स्थानों से शिकायतें मिली हैं, वहां दोबारा साड़ी वितरण कराया जाएगा, उन्होंने यह भी बताया कि कुछ साड़ियों को वितरण से पहले स्वयं जांचा गया था और वे गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरी थीं।
खादी ग्रामोद्योग की भूमिका
मंत्री ने कहा कि यह वितरण खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से किया गया है और इसी आधार पर साड़ियों का चयन किया गया था, उन्होंने यह भी जोड़ा कि पहले अन्य विकल्पों पर भी विचार किया गया था, लेकिन अंतिम रूप से इसी आपूर्ति को चुना गया।
